रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की बैठक में वंदे मातरम् के गायन को लेकर पारित प्रस्ताव, कांग्रेस नेताओं के व्यवहार, शराब घोटाले में ईडी की कार्रवाई और गौठान जैसे मुद्दों पर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने और लगातार अपना जनाधार खोने का आरोप लगाया।
CWC की बैठक में दो मिनट वंदे मातरम् गाने का प्रस्ताव पारित किए जाने पर अरुण साव ने इसे कांग्रेस की राजनीति से जोड़ते हुए कहा कि पार्टी का यह कदम देश के साथ धोखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लंबे समय से मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति करती रही है और उसका रुख मुस्लिम लीग की विचारधारा की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है।
अधिकारियों से दुर्व्यवहार पर भी कांग्रेस को घेरा
अभनपुर में कांग्रेस नेता द्वारा एक अधिकारी के साथ कथित गाली-गलौच के वीडियो को लेकर उप मुख्यमंत्री ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। अधिकारियों के साथ इस तरह का व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण है और ऐसे मामलों में कार्रवाई होनी चाहिए। साव ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उस दौरान अधिकारियों पर दबाव बनाकर काम कराया जाता था।
‘कांग्रेस मुद्दाविहीन हो चुकी है’
कांग्रेस पर राजनीतिक हमला जारी रखते हुए अरुण साव ने कहा कि पार्टी के पास अब जनता के बीच उठाने के लिए ठोस मुद्दे नहीं बचे हैं। उन्होंने कांग्रेस नेताओं की भाषा और कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी का स्तर लगातार गिर रहा है। साव ने दावा किया कि यदि कांग्रेस की स्थिति इसी तरह बनी रही तो वह अपना राजनीतिक अस्तित्व बचाने में भी सफल नहीं होगी।
‘भाजपा में नहीं है कुर्सी की लड़ाई’
सोशल मीडिया पर कांग्रेस की ओर से भाजपा में कथित ‘कुर्सी दंगल’ को लेकर किए जा रहे पोस्ट पर साव ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि सत्ता और नेतृत्व को लेकर वास्तविक खींचतान कांग्रेस में दिखाई दे रही है, जबकि भाजपा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को अपना नेता मानकर सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने की दिशा में सरकार लगातार आगे बढ़ रही है।
ईडी की कार्रवाई को बताया जांच का हिस्सा
शराब घोटाला मामले में कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के करीबियों के ठिकानों पर ईडी की कार्रवाई को लेकर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय मामले की जांच कर रहा है और छापेमारी जांच प्रक्रिया का हिस्सा है।
गौठान और गौधाम योजना पर भी बयान
गौठान को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर अरुण साव ने पलटवार करते हुए कांग्रेस शासन के दौरान गौठान योजना में कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने कार्यकाल में हुए भ्रष्टाचार पर जवाब देना चाहिए। साथ ही उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार गौधाम योजना पर तेजी से काम कर रही है।
सोशल मीडिया से जुड़ रहे अधिकारी
विभागीय अधिकारियों के GEN Z और सोशल मीडिया से जुड़ने को लेकर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा दौर सोशल मीडिया का है। सरकार की योजनाओं और विभागीय गतिविधियों की जानकारी समय पर आम लोगों तक पहुंचाने के लिए अधिकारियों और विभागों का सोशल मीडिया पर सक्रिय रहना जरूरी है।