हत्या के प्रयास के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए

जगदलपुर। बस्तर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवा बघेल निवासी फरसापारा, बस्तर और देवनाथ बघेल पिता शोभाराम बघेल के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में प्रार्थी छोटू कश्यप निवासी छापर भानपुरी ने बस्तर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसके भाई सूरज कश्यप का आरोपियों के साथ इच्छापुर मेले में विवाद हुआ था। इसी पुरानी रंजिश को लेकर बाद में आरोपियों ने सूरज के साथ मारपीट की।

शिकायत के अनुसार, 30 जनवरी को बस्तर मेले के दौरान भाटीपारा चौक के पास आरोपी देवा बघेल ने अपने साथियों को बुलाया। आरोप है कि सूरज कश्यप की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर उसके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी देते हुए डंडे से मारपीट की गई। इस दौरान सूरज के साथी उदय के साथ भी हाथापाई किए जाने का आरोप है।

घटना की शिकायत पर बस्तर थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। अपराध दर्ज होने के बाद दोनों आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस ने सुराग मिलने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह, उप निरीक्षक चतुर राम बघेल, प्रधान आरक्षक उमेश चंदेल, प्रधान आरक्षक ढोलू राम बघेल, आरक्षक भुवनलाल शार्दूल और डीएसएफ आरक्षक निरंजन वैध की महत्वपूर्ण भूमिका रही।