बोधघाट संकुल में धूमधाम से मनाया गया ‘टैलेंट तिहार’

0 बच्चों ने गीत, नृत्य और चित्रकला से दिखाया हुनर

जगदलपुर। विकासखंड जगदलपुर के बोधघाट संकुल में संकुल स्तरीय टैलेंट तिहार ‘प्रतिभा को पंख’ का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में बोधघाट संकुल के 10 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक और साहित्यिक विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सबका मन मोह लिया।
टैलेंट तिहार में बच्चों ने गीत, एकल एवं सामूहिक नृत्य, चित्रकला, भाषण, कहानी-कथन और अभिनय जैसी विधाओं में भाग लिया। विशेष आकर्षण का केंद्र बस्तर की स्थानीय संस्कृति और परंपराओं पर आधारित प्रस्तुतियां रहीं, जिन्होंने उपस्थित शिक्षकों, अभिभावकों और अतिथियों को बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया।
कार्यक्रम के निर्णायक के रूप में अफजल अली और नीलिमा दास महानंदी ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया। कार्यक्रम का सफल संचालन आयशा लारेन्स ने किया।