० 15 अगस्त को उल्लास साक्षरता महाचौपाल
० टॉर्च-मशाल रैली और प्रभात फेरी से होगा व्यापक प्रचार
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार वर्ष 2026-27 में प्रदेश को शत प्रतिशत साक्षर बनाने के लक्ष्य के तहत बस्तर जिले में उल्लास महाचौपाल की तैयारी जोरों पर है।
विकासखंड साक्षरता मिशन प्राधिकरण बस्तर द्वारा सभी संकुल समन्वयकों, ग्राम प्रभारियों और एनआरएलएम स्व सहायता समूहों की बैठक आयोजित कर कार्यक्रम को व्यापक स्तर पर कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में सहायक खंड शिक्षा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी सुशील कुमार तिवारी ने बताया कि 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आजादी के जश्न को साक्षरता के उल्लास के रूप में मनाया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य 15 वर्ष से अधिक उम्र के उन वयस्कों को सशक्त बनाना है जिन्होंने स्कूली शिक्षा प्राप्त नहीं की है। कार्यक्रम के तहत 14 अगस्त की शाम को उल्लास साक्षरता मोबाइल टॉर्च रैली और उल्लास मशाल रैली निकाली जाएगी। वहीं 15 अगस्त को प्रातः प्रभात फेरी और उल्लास साक्षरता ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए ग्राम पंचायतों में कोटवारों द्वारा मुनादी कराई जाएगी। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित नागरिकों और अशिक्षितों को उल्लास का संकल्प लिया, जन-जन साक्षर की शपथ दिलाई जाएगी। साथ ही अंगूठा मुक्त पंचायतों को वार्ड प्रमाण पत्र और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया जाएगा।खंड शिक्षा अधिकारी भारती देवांगन ने कहा कि तभी सुंदर बस्तर, साक्षर बस्तर कहलाएगा। बैठक में सभी ने बस्तर ब्लॉक को पूर्ण साक्षर बनाने का संकल्प लिया।