
बस्तर। विश्व स्तनपान सप्ताह के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बस्तर विकासखंड के मांदलापाल एवं मुंडागांव सेक्टर अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कामकाजी महिलाओं को स्तनपान संबंधी अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा कार्यस्थलों पर स्तनपान के अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए प्रेरित करना था।
परियोजना प्रभारी अधिकारी सावित्री बघेल के निर्देशन एवं पर्यवेक्षक माया यादव के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में गर्भवती एवं धात्री माताओं को जन्म के तुरंत बाद शिशु को स्तनपान कराने, पहले छह माह तक केवल मां का दूध पिलाने तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के लिए संतुलित आहार के महत्व की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्र में एलईडी टीवी के माध्यम से स्तनपान जागरूकता वीडियो का प्रदर्शन किया गया। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने भी माताओं की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए स्तनपान से जुड़े वैज्ञानिक एवं स्वास्थ्य संबंधी पहलुओं पर जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में कावड़गांव के सरपंच बुदरू राम बघेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, गर्भवती एवं धात्री माताएं उपस्थित रहीं। विभाग ने बताया कि 1 से 7 अगस्त तक मनाए जा रहे विश्व स्तनपान सप्ताह के दौरान विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, ताकि माताओं और नवजात शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य को बढ़ावा दिया जा सके।