ग्राम कोण्डेकसा में सिलाई मशीन प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ, विधायक अनिला भेड़िया ने कहा- महिलाएं बनें आत्मनिर्भर

 

बालोद। डौण्डी लोहारा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत धोबेदण्ड के आश्रित ग्राम कोण्डेकसा में ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक नई पहल की गई। श्री जगन्नाथ स्टील एंड पावर लिमिटेड ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत सिलाई मशीन प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की, जिसका उद्घाटन गुरुवार शाम विधायक एवं पूर्व मंत्री अनिला भेड़िया ने फीता काटकर किया।

उद्घाटन समारोह में विधायक अनिला भेड़िया ने कहा कि महिलाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने इस पहल के लिए कंपनी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण केंद्र ग्रामीण महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर प्रदान करेंगे।

इससे पहले श्री जगन्नाथ स्टील एंड पावर लिमिटेड के डायरेक्टर श्याम गोस्वामी एवं कंपनी के अधिकारियों ने विधायक का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान कंपनी की ओर से प्लांट में हो रहे पैलेट उत्पादन, स्थानीय लोगों को दिए जा रहे रोजगार, श्रमिकों की सुरक्षा एवं सुविधाओं तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में किए जा रहे सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की गई। कंपनी प्रबंधन ने भविष्य में भी क्षेत्र के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दल्ली राजहरा के अध्यक्ष रत्तीराम कोसमा, उपाध्यक्ष लक्ष्मण शर्मा, सचिव अनूप बांबेश्वर, जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रवि जायसवाल, उपाध्यक्ष रामजतन भारद्वाज, विधायक प्रतिनिधि पियुष सोनी, कंपनी के सीईओ राम जायसवाल, डीजीएम (एचआर) पंकज सिन्हा, राउतकर, विल्सन मैथ्यू, ग्राम पंचायत धोबेदण्ड के सरपंच संतराम नेताम, उपसरपंच गैंदाबाई दुग्गा, पूर्व सरपंच पांचों भाई मरकाम, पूर्व उपसरपंच निलधारी यादव, मंगलु राम ढारगांवे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, पुरुष और बच्चे उपस्थित रहे।