० सीएम को पत्र लिखकर रेखचंद जैन ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग की
जगदलपुर। मेकाज स्थित शासकीय मेडिकल कॉलेज के इंटर्न डॉक्टरों की स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर जारी हड़ताल को अब राजनीतिक समर्थन भी मिलने लगा है। पूर्व विधायक रेखचंद जैन अपने समर्थकों और सहयोगियों के साथ धरना स्थल पहुंचे और इंटर्न डॉक्टरों की मांगों का समर्थन किया। हड़ताल पर बैठे इंटर्न डॉक्टरों का कहना है कि लंबे समय से उनके स्टाइपेंड में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। बढ़ती महंगाई और कार्यभार को देखते हुए वे स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
धरना स्थल पर पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और भूपेश बघेल के कार्यकाल के दौरान निर्धारित स्टाइपेंड में वर्तमान सरकार के कार्यकाल में कोई वृद्धि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि इंटर्न डॉक्टर स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनकी मेहनत व सेवा को देखते हुए उचित मानदेय मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई के दौर में स्टाइपेंड नहीं बढ़ाना इंटर्न डॉक्टरों के साथ अन्याय के समान है। राज्य सरकार को इस विषय पर संवेदनशीलता दिखाते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।
रेखचंद जैन ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को पत्र लिखकर इंटर्न डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग की है।
धरना प्रदर्शन के दौरान उनके साथ हेमू उपाध्याय, विजय सिंह, कुलदीप भदौरिया, निर्मल लोढ़ा, जावेद खान, जालंधर नाग सहित कई समर्थक और कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।