रायपुर। राजधानी में सूखे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायपुर पुलिस कमिश्नरेट को बड़ी सफलता मिली है। तेलीबांधा थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त कार्रवाई में एक ट्रक से 191 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 19.10 लाख रुपये आंकी गई है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
अग्रसेन धाम के पास ट्रक से मिली गांजे की खेप
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक ट्रक के जरिए बड़ी मात्रा में गांजे की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने अग्रसेन धाम के पास सर्विस रोड पर घेराबंदी कर अशोक लीलैंड ट्रक को रोका। तलाशी लेने पर ट्रक से 191 किलो गांजा बरामद हुआ। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजे के साथ ट्रक को भी जब्त कर लिया।
पश्चिम बंगाल के दो आरोपी गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने पश्चिम बंगाल निवासी मोहम्मद लाल और मोहम्मद रूस्तम को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
तस्करी नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। साथ ही इस अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।