धमतरी। जिले के नगरी थाना क्षेत्र में एक ज्वेलर्स दुकान में दिनदहाड़े लाखों रुपये की चोरी की वारदात सामने आई है। ग्राहक बनकर पहुंचे एक शातिर युवक ने दुकानदार को बातों में उलझाया और करीब 4.45 लाख रुपये कीमत के 9 सोने के ईयररिंग लेकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जेवर दिखाने के बहाने दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार, घटना नगरी बाजार स्थित नवकार ज्वेलर्स की है। एक युवक ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचा और सोने के ईयररिंग देखने की बात कही। दुकानदार जब उसे अलग-अलग डिजाइनों के आभूषण दिखाने में व्यस्त था, तभी आरोपी ने मौका पाकर काउंटर पर रखे 9 सोने के ईयररिंग चुपचाप गायब कर दिए।
गिनती में खुला चोरी का राज
कुछ देर बाद आरोपी बिना कोई खरीदारी किए दुकान से निकल गया। बाद में जब दुकानदार ने जेवरों की गिनती की तो 9 ईयररिंग गायब मिले। इसके बाद आसपास तलाश की गई, लेकिन आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो चुका था।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश
घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित ने नगरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपी पेशेवर चोर हो सकता है, जिसने पहले भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया हो।