अभनपुर में तालाब किनारे चौकीदार का संदिग्ध शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका पर जांच शुरू

रायपुर। जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र के टोकरो गांव में तालाब किनारे एक चौकीदार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान परमेश्वर सिदार (30), पिता जलसिंग सिदार, निवासी ग्राम तोरला, जिला बरगढ़ (ओडिशा) के रूप में हुई है। वह पिछले करीब छह माह से टोकरो गांव स्थित तालाब में चौकीदार के रूप में कार्यरत था।

ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना

 सुबह ग्रामीणों ने तालाब किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल अभनपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

घटनास्थल से पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की गतिविधियों, किसी संभावित विवाद और अन्य परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी संभावित एंगल पर पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *