० कलमनार में पहली बार पहुंची संचार सुविधा
जगदलपुर। बस्तर संभाग के नारायणपुर जिले में वर्षों से मोबाइल नेटवर्क से वंचित रहे अबूझमाड़ के दुर्गम ग्राम कलमनार में जियो मोबाइल टॉवर स्थापित होने से ग्रामीणों को पहली बार नियमित मोबाइल और इंटरनेट सेवा मिलने लगी है। इस सुविधा से ग्राम कलमनार के 144 तथा समीपस्थ ग्राम पोकनार के 320 सहित कुल 464 ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलने लगा है।
अब तक इन गांवों के ग्रामीणों को मोबाइल पर बात करने या इंटरनेट का उपयोग करने के लिए गांव से बाहर ऊंचे स्थानों तक जाना पड़ता था। टॉवर स्थापित होने के बाद यह समस्या काफी हद तक समाप्त हो गई है और अब गांव में ही बेहतर नेटवर्क उपलब्ध होने लगा है। नारायणपुर कलेक्टर नम्रता जैन ने कहा कि अबूझमाड़ जैसे दूरस्थ क्षेत्रों तक संचार सुविधाएं पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है। उनके अनुसार यह पहल केवल मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि सरकारी योजनाओं और सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। बेहतर नेटवर्क उपलब्ध होने से ग्रामीण अब 108 एम्बुलेंस, स्वास्थ्य केंद्रों और प्रशासनिक अधिकारियों से समय पर संपर्क कर सकेंगे। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता और उपचार सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। मोबाइल नेटवर्क शुरू होने से ग्रामीणों को डिजीटल भुगतान, ऑनलाइन आवेदन, बैंकिंग सेवाएं, आधार आधारित सुविधाएं तथा अन्य ई-गवर्नेंस सेवाओं का लाभ गांव में ही मिल सकेगा। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी समय पर उपलब्ध होगी, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी।
ग्रामीणों ने जियो मोबाइल टावर की स्थापना पर खुशी जताते हुए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि संचार सुविधा मिलने से शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग और प्रशासनिक सेवाओं तक पहुंच पहले की तुलना में अधिक आसान होगी तथा क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।