नवोदित रेफरियों ने सीखे फुटबॉल के आधुनिक तकनीक…

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ फुटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में डिस्ट्रिक्ट फुटबॉल एसोसिएशन (D.F.A.) बस्तर द्वारा नवोदित फुटबॉल रेफरियों के लिए दो दिवसीय फुटबॉल रेफरी सेमिनार का आयोजन 25 एवं 26 जुलाई को एक निजी होटल में किया गया। इस अवसर पर सेमिनार में छत्तीसगढ़ फुटबॉल संघ के द्वारा नियुक्त मुख्य प्रशिक्षक के रूप में एआईएफएफ के इंस्ट्रक्टर रूपक मुखर्जी उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को फुटबॉल के नवीनतम Laws of the Game, रेफरी की भूमिका, मैच प्रबंधन, निर्णय लेने की क्षमता, अनुशासन, पोजिशनिंग तथा खेल संचालन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया।
समापन समारोह के अवसर पर मुख्य अतिथि महापौर जगदलपुर संजय पांडे , विशिष्ठ अतिथि नबी मोहम्मद , संग्राम सिंह राणा, यशवर्धन राव, राणा घोष, मनोज (देवेंद्र)ठाकुर एवं जिला फुटबॉल संघ बस्तर से पंजीकृत क्लब के खिलाड़ी गण एवं माता रुक्मणी क्लब केव बालिका खिलाड़ी एवं कोच मैनेजर मौजूद रहे। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रशिक्षित और निष्पक्ष रेफरी ही फुटबॉल के स्तर को नई ऊँचाइयों तक ले जा सकते हैं।
दो दिनों तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों से आए रेफरी अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक दोनों प्रकार के सत्र आयोजित किए गए, जिससे प्रतिभागियों को खेल के नियमों को बेहतर ढंग से समझने और मैदान पर लागू करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने आयोजन की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की। डी.एफ.ए. बस्तर ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए खेल एवं निर्णायकों के विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया। उक्त जानकारी बस्तर जिला फुटबॉल संघ के सचिव दिलीप दास ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *