कवर्धा। जिले के बोड़ला थाना क्षेत्र में हुए अंधे हत्याकांड का पुलिस ने महज सात दिनों में खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि हत्या का आरोपी कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि मृतक का करीबी दोस्त ही था। शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद आरोपी ने पत्थर से हमला कर अपने दोस्त की हत्या कर दी और उसकी मोटरसाइकिल लेकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान दुर्ग जिले के जामुल निवासी उदय प्रताप सिंह राजपूत (34) के रूप में हुई थी। उसका शव बोड़ला थाना क्षेत्र के ग्राम बंजारी स्थित एक ढाबे के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। सूचना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में पुलिस को पता चला कि घटना वाले दिन उदय प्रताप अपने दोस्त हीरासिंह उर्फ बउवा केंवट के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पास पड़े पत्थर से उदय प्रताप के सिर और सीने पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। वह मृतक की मोटरसाइकिल लेकर घटनास्थल से फरार हो गया, ताकि घटना में उसकी भूमिका पर संदेह न हो।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कबीरधाम पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे 40 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा संदिग्ध लोगों से पूछताछ और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची।
पूछताछ के दौरान हीरासिंह ने हत्या की वारदात कबूल कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया खून से सना पत्थर, घटना के समय पहने गए खून लगे कपड़े और मृतक की मोटरसाइकिल बरामद कर ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक जांच के जरिए मामले की कड़ियां जोड़कर हत्या का खुलासा किया गया।