एटीएम को उखाड़ कर ले जाने की नाकाम कोशिश…

०  नगरनार कस्बे के बीच बाजार में वारदात 
जगदलपुर। शहर से सटे नगरनार के बीच बाजार में स्थित एक एटीएम पर बीती रात चोर गिरोह ने धावा बोल दिया। एटीएम को बूथ से उखाड़ कर ले जाने की कोशिश की गई, मगर चोर अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो पाए। इस घटना से कस्बे में सनसनी फैल गई है और सुरक्षा व्यवस्था की पोल भी खुल गई है। नगरनार कस्बे के बाजार में मेन रोड के किनारे स्थापित इंडिया-1 के एटीएम में बीती रात यह वारदात हुई। अज्ञात चोरों ने एटीएम में भरे नोटों को पहले एटीएम तोड़कर निकालने की कोशिश की। जब वे ऐसा करने में सफल नहीं हो पाए, तो उन्होंने भारी भरकम एटीएम को रस्सी के सहारे वाहन से खींच कर उखाड़ डाला। चोर एटीएम को खींचते हुए बूथ से करीब 50 मीटर दूर तक ले गए। इसी बीच न जाने ऐसा क्या हुआ कि चोर एटीएम को वहीं छोड़कर भाग निकले। शायद एटीएम के वजनी होने अथवा किसी के आ जाने पर चोरों ने ऐसा किया होगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि चोर एटीएम से कैश निकाल पाए हैं या नहीं? संबंधित एटीएम का कामकाज देखने वाली कंपनी के लोग रायपुर से आ रहे हैं। उनके पहुंचने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। सुबह जब ग्रामीणों ने एटीएम को सड़क पर पड़े देखा तो वे आश्चर्य में पड़ गए।

एटीएम बूथ में कैमरे नहीं
बता दें कि नगरनार में राष्ट्रीय खनिज विकास निगम (एनएमडीसी) का विशाल स्टील प्लांट है। इस प्लांट में दूसरे राज्यों से आए हजारों श्रमिक और कर्मचारी काम कर रहे हैं। उन्हें बिना पुलिस सत्यापन के प्लांट में रखा गया है। नगरनार के ग्रामीणों का कहना है कि बाजार चौक में ठीक घटना स्थल पर पुलिस विभाग ने तीन कैमरे लगाए थे। अप्रैल माह में सुधार के नाम पर उन कैमरों को हटा दिया गया था।. इन कैमरों को अब तक फिर से नहीं लगाया गया है। संभवतः इस बड़ी लापरवाही को भी चोरों ने भांप लिया था और एटीएम पर हाथ साफ करने की जुर्रत कर डाली।

कर रहे हैं जांच
एटीएम पर चोर तोड़फोड़ कर उसे पचास मीटर तक दूर ले गए थे, लेकिन वे अपने मकसद में कामयाब नहीं हुए। रायपुर से एटीएम कंपनी के लोग आ रहे है फोरेंसिक जांच की टीम भी आ रही है।
-संतोष सिंह,
पुलिस इंस्पेक्टर,
नगरनार थाना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *