बलरामपुर। जिले से दिल दहला देने वाली एक वारदात सामने आई है। यहां सोमवार सुबह ड्यूटी पर जा रहे एक स्कूल के प्रधान पाठक (हेडमास्टर) की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। इस खौफनाक हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है। पूरा मामला त्रिकुंड थाना क्षेत्र का है।
रास्ते में घेरकर उतारा मौत के घाट
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान जयकरन जगते के रूप में हुई है, जो ग्राम धमनी-कुमीहा स्थित शासकीय विद्यालय में हेडमास्टर के पद पर पदस्थ थे। रोजाना की तरह सोमवार सुबह भी वे घर से स्कूल के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे अज्ञात हमलावरों ने उन पर अचानक हमला कर दिया और धारदार हथियार से उनका गला रेतकर मौके से फरार हो गए।
जमीनी विवाद से जुड़े हो सकते हैं तार
वारदात की भनक लगते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ फौरन घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर फॉरेंसिक एक्सपर्ट की मदद से मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। प्राथमिक जांच और पारिवारिक पृष्ठभूमि को देखते हुए पुलिस आशंका जता रही है कि इस हत्याकांड के पीछे कोई पुराना जमीनी विवाद हो सकता है। हालांकि, पुलिस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हर संभावित पहलू पर बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए संदेह के आधार पर कुछ स्थानीय लोगों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, इन संदिग्धों से गुप्त स्थान पर कड़ी पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही हत्यारों को बेनकाब कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।