सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, जमीन के नीचे छिपा नक्सलियों का हथियारों का जखीरा बरामद

नारायणपुर। जिले के कोहकामेटा थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों के छिपाए गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया है। संयुक्त कार्रवाई में जमीन के नीचे दबाकर रखी गई रायफलें, बीजीएल शेल, कारतूस, संचार उपकरणों के साथ बड़ी संख्या में पेन ड्राइव और मेमोरी कार्ड भी मिले हैं।

पुलिस के अनुसार, बीएसएफ की 133वीं वाहिनी और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने कदेर गांव के जंगल में सर्च अभियान चलाया। नक्सलियों द्वारा हथियार और विस्फोटक छिपाकर रखने की सूचना मिलने पर इलाके की गहन तलाशी ली गई। जांच के दौरान जमीन के नीचे छिपाया गया डंप मिला, जिसमें भारी मात्रा में हथियार और अन्य सामग्री बरामद हुई।

बरामद सामान में एक .303 रायफल, छह .315 रायफलें, एक 12 बोर बंदूक, दो बीजीएल लॉन्चर, 44 बीजीएल शेल, विभिन्न प्रकार के कारतूस, मैगजीन, स्लिंग, एंटीना, आरएफ डिटेक्टर, जीपीएस, नक्सली वर्दी, साहित्य और अन्य सामरिक सामग्री शामिल है। इसके अलावा 6 पेन ड्राइव और 78 मेमोरी कार्ड सहित कई इलेक्ट्रॉनिक डेटा स्टोरेज डिवाइस भी जब्त किए गए हैं, जिनकी जांच की जाएगी।

सुरक्षाबलों को मौके से प्राथमिक उपचार संबंधी सामग्री, संचार उपकरण, जनरेटर मैनुअल, बैनर और अन्य उपयोगी सामान भी मिला है। पुलिस का मानना है कि इन इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से नक्सली नेटवर्क और गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। नारायणपुर पुलिस ने बताया कि बरामद 44 बीजीएल शेल को बम निरोधक दस्ता (BDS) ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया। पूरे क्षेत्र को सैनिटाइज करने के बाद संयुक्त टीम सुरक्षित अपने कैंप लौट आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *