नारायणपुर। सैलरी पैकेज इंश्योरेंस का क्लेम दिलाने के नाम पर कथित रूप से कमीशन मांगने के आरोप में नारायणपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पुलिस निरीक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी निरीक्षक को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सैलरी पैकेज इंश्योरेंस का क्लेम दिलाने के एवज में उससे अनुचित कमीशन की मांग की गई और धोखाधड़ी करने का प्रयास किया गया। शिकायत की जांच के बाद कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की। जांच के आधार पर निरीक्षक सुरेश चंद यादव को गिरफ्तार किया गया। मामले में एक अधिवक्ता को भी सह-आरोपी बनाया गया है। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पुलिस सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।