दबंगई दिखाने वाले भाजपा नेता को कोर्ट ने भेजा जेल

0 पूरे मोहल्ले में कायम कर रखा था आतंक का राज 

दल्ली राजहरा। नगर के एक वार्ड में दबंगई दिखाकर आतंक का माहौल बनाने वाले बालोद जिला भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के सह सोशल मीडिया प्रभारी अनिकेत देशलहरे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अनिकेत को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे के जेल भेज दिया गया है।
दल्ली राजहरा नगर के वार्ड क्रमांक 13 में लगातार दहशत का माहौल बनने तथा मोहल्ले के लोगों द्वारा सामूहिक शिकायत किए जाने के बाद राजहरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा बालोद जिला के सह सोशल मीडिया प्रभारी अनिकेत देशलहरे को न्यायालय के आदेश पर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। मोहल्ले के अनेक नागरिकों ने थाना प्रभारी राजहरा को लिखित आवेदन देकर अनिकेत की दबंगई की शिकायत की थी। आवेदन में आरोप लगाया था कि अनिकेत की गतिविधियों के कारण क्षेत्र में भय और अशांति का माहौल बना हुआ है।शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि आरोपी भाजपा पदाधिकारी होने का प्रभाव बताकर लोगों पर दबाव बनाता था। आवेदन में मोहल्लेवासियों ने आरोप लगाया कि वह जमीन पर अवैध कब्जा करने, महिलाओं से अभद्र व्यवहार एवं छेड़छाड़, लोगों से जबरन पैसे की मांग तथा क्षेत्र में भय का वातावरण बनाने जैसी गतिविधियों में संलिप्त रहा है। इन आरोपों को लेकर बड़ी संख्या में वार्डवासियों ने हस्ताक्षर कर आरोपी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। इससे पूर्व 28 जून को भीम उईके एवं उनके परिवार के साथ मारपीट की शिकायत पर थाना राजहरा में अनिकेत के खिलाफ धारा 296, 351 (3) एवं 115 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार मामला दर्ज होने के बाद आरोपी द्वारा प्रार्थी पक्ष पर रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा था तथा क्षेत्र में दहशत फैलाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इन शिकायतों के आधार पर राजहरा पुलिस ने धारा 170, 126 एवं 135(3) में कार्रवाई कर आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। राजहरा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था भंग करने, आम नागरिकों को भयभीत करने अथवा किसी भी प्रकार का दबाव बनाने वालों के विरुद्ध कठोर एवं निष्पक्ष कार्रवाई जारी रहेगी। कानून की नजर में सभी समान हैं और कोई भी व्यक्ति का सामाजिक या राजनीतिक पद कानून से ऊपर नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *