रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता सत्यप्रकाश सिंह ने कहा है कि महतारी वंदन योजना में पात्र महिलाओं के स्थान पर पुरुषों द्वारा लाभ लिया जाना भाजपा सरकार की प्रशासनिक विफलता और योजनाओं में भारी लापरवाही का स्पष्ट प्रमाण है।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता सत्यप्रकाश सिंह ने कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की बात कर के, उनका वोट हासिल कर सरकार बनाने वाली भाजपा का उद्देश्य शुरू से ही अपने लोगों को फायदा पहुंचाने का रहा है! इस योजना में यदि पुरुष लाभार्थी बनकर सरकारी राशि प्राप्त कर रहे हैं, तो यह केवल तकनीकी त्रुटि नहीं बल्कि पूरी सत्यापन प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े करता है, क्योंकि जिस तरह से खैरागढ़ जिले के जिस पुरुष को 12 महीने तक इसका लाभ मिलता रहा उसके फॉर्म में हितग्राही और पति के नाम के कॉलम में पुरुष का ही नाम था तो कैसे ये आंगनबाड़ी और सुपरवाइजर स्तर के सत्यापन से सत्यापित हो गया,महासमुंद जिले में पति जिला पंचायत सचिव और महिला सरकारी शिक्षका होते हुए भी लाभ ले रही थी,सन्नी लीयोनी तक को इस सरकार ने इस योजना का लाभ पहुंचा दिया था, कई आयकर दाताओ तक को इसका लाभ मिल रहा है और इस तरह के कई प्रकरण पूरे प्रदेश से सामने आ रहे है! इससे इसके आवेदन, दस्तावेजों के सत्यापन और भुगतान की प्रक्रिया में बड़ी लापरवाही हो रही है ये स्पष्ट दिखाता है!
प्रदेश कांग्रेस वरिष्ठ प्रवक्ता सत्यप्रकाश सिंह ने कहा कि सामने आ रहे मामलों ने साबित कर दिया है कि सरकार ने बिना पर्याप्त जांच-पड़ताल के लाभ वितरण किया, जिससे पात्र महिलाओं के अधिकारों पर भी असर पड़ा है। पुरुषों के द्वारा गलत तरीके से प्राप्त की गई राशि की वसूली, दोषियों से कर के, दोषी अधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी अनियमितता दोबारा न हो। योजनाओं के प्रचार करने में व्यस्त ना होकर, उनके प्रभावी और पारदर्शी संचालन की जिम्मेदारी निभाना भी सरकार का दायित्व है, जिससे जनता के पैसे की सुरक्षा और योजनाओं की विश्वसनीयता बनी रहे!