स्कूल कैंपस में डलवाई मिट्टी, अब कैंपस कीचड़ से लबरेज

0  कीचड़ से सराबोर हुआ निर्मला स्कूल परिसर 
दल्ली राजहरा। नगर के सबसे बड़े निजी स्कूल निर्मला स्कूल का पूरा कैंपस कीचड़ से सराबोर हो गया है। ऐन बरसात के बीच स्कूल प्रबंधन द्वारा स्कूल के खेल मैदान पर मिट्टी डलवा दी गई है। इस वजह से ऐसे हालात बन गए हैं। निर्मला स्कूल में कर्मचारी वर्ग से लेकर व्यापारी वर्ग तक के बच्चे पढ़ाई करते हैं। बच्चे जिस मैदान से होकर स्कूल में प्रवेश करते हैं, उस मैदान पर स्कूल प्रबंधन ने भरी बरसात के मौसम में मिट्टी डलवा दी है। अब पूरा मैदान कीचड़ से भर गया है। इससे बच्चों को स्कूल के अंदर जाने में और बच्चों को स्कूल छोड़ने जाने वाले पैरेंट्स को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
लगातार हो रही बारिश के वक्त ही मिट्टी डाल दी जाने से सारा मैदान कीचड़युक्त हो गया है और इसी कीचड़ से हो कर लोग अपने बच्चों को स्कूल के गेट तक छोड़ने जा रहे हैं, जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कीचड़ में दोपहिया वाहन फिसल के गिर रहे हैं, कार के पहिए स्लीप कर रहे हैं। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता कि जो बच्चे, पालक और अन्य व्यक्ति इस मैदान से होकर पैदल जा रहे होते हैं उनकी क्या हालत होती होगी? पर मजाल है कि कोई स्कूल प्रबंधन पर उंगली उठा सके? हजारों रुपयों की फीस वसूलने वाले स्कूल प्रबंधन का यह अमानवीय कृत्य अभिभावकों के बीच आलोचना का केंद्र बना हुआ है और सभी अभिभावकों में इसे लेकर रोष व्याप्त है। कई पेरेंट्स ने जल्द इस अव्यवस्था को दूर करवाने की मांग की है। कीचड़ पर मुरुम की मोटी परत बिछवाने से ही विद्यार्थियों को राहत मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *