० रामविचार नेताम ने आधुनिक खेती का किया अवलोकन, कृषि यंत्रों का किया वितरण
० नारियल उत्पादन और प्रसंस्करण गतिविधियों की भी ली जानकारी
जगदलपुर। आदिम जाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण, जैव प्रौद्योगिकी, मछली पालन तथा पशुधन विकास विभाग के मंत्री रामविचार नेताम ने कोंडागांव जिले के प्रवास के दौरान केशकाल विकासखंड के ग्राम ओरकीवाही में प्रगतिशील किसान बोधन नेताम द्वारा अपनाई जा रही आधुनिक एवं बहुआयामी कृषि प्रणाली का अवलोकन किया। उन्होंने सुअर पालन, मत्स्य पालन, जैविक खाद निर्माण तथा वैज्ञानिक पद्धति से की जा रही करेले की खेती का निरीक्षण कर किसान के प्रयासों की सराहना की। किसान बोधन नेताम ने बताया कि उन्होंने कृषि के साथ पशुपालन एवं मत्स्य पालन को जोड़कर खेती को लाभकारी बनाया है। वर्ष 2024-25 में उन्होंने विभिन्न कृषि गतिविधियों से 6 लाख 18 हजार 800 रुपये की आय अर्जित की, जिसमें सुअर पालन से 4 लाख 68 हजार 800 रुपये, मत्स्य पालन से 40 हजार रुपये तथा सब्जी उत्पादन से 1 लाख 10 हजार रुपये की आय शामिल है।
मंत्री श्री नेताम ने कहा कि बोधन नेताम जिले के आधुनिक एवं प्रेरणादायी किसान हैं। अन्य किसानों को भी उनसे प्रेरणा लेते हुए आधुनिक तकनीकों, वैज्ञानिक खेती तथा कृषि आधारित विविध आजीविका गतिविधियों को अपनाना चाहिए। इसके बाद मंत्री श्री नेताम ने फरसगांव विकासखंड के ग्राम बोरगांव स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में किसानों को दिए जा रहे प्रशिक्षण, कृषि अनुसंधान एवं प्रदर्शन इकाइयों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने बत्तख पालन इकाई एवं बत्तख के चूजों को देखा तथा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि खेती को लाभकारी बनाने के लिए जैविक खेती, वैज्ञानिक तकनीकों एवं आधुनिक कृषि यंत्रीकरण को अपनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने किसानों से कृषि के साथ पशुपालन, मत्स्य पालन एवं उद्यानिकी जैसी गतिविधियों को जोड़कर आय के नए स्रोत विकसित करने का आह्वान किया।इस अवसर पर चार किसानों को ट्रैक्टर, पावर वीडर, कल्टीवेटर, रोटावेटर, सीड ड्रिल, लेजर लैंड लेवलर, स्प्रेयर सहित विभिन्न आधुनिक कृषि यंत्रों का वितरण किया गया। साथ ही केंद्र पोषित कृषि यांत्रिकीकरण सबमिशन योजनातर्गत फार्म मशीनरी बैंको की स्थापना के अंतर्गत कंपोनेंट -02। साथ ही योजना के तहत प्रत्येक हितग्राही को 15 लाख रुपये की स्वीकृत परियोजना लागत पर 6 लाख रुपये का प्रथम अनुदान प्रदान किया गया। लाभान्वित हितग्राहियों में कोण्डागांव विकासखंड के ग्राम मुलमुला निवासी नरेन्द्र कुमार देवांगन, माकड़ी विकासखंड के ग्राम केरावाही निवासी मंगलराम नेताम, केशकाल विकासखंड के ग्राम तोसकापाल निवासी रमेश नेताम तथा बड़ेराजपुर विकासखंड के ग्राम आमाडीही निवासी मुन्ना मरकाम शामिल हैं।
मंत्री श्री नेताम ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि यंत्रीकरण एवं आधुनिक तकनीकों को निरंतर बढ़ावा दे रही है। उन्होंने घोषणा की कि कोंडागांव कृषि विज्ञान केंद्र में कृषि ड्रोन उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे जिले के किसान कम लागत, कम समय और अधिक दक्षता के साथ उर्वरक एवं कीटनाशकों का छिड़काव कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों के उपयोग से खेती अधिक लाभकारी बनेगी तथा किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इसके पश्चात कृषि मंत्री श्री नेताम ने कोंडागांव स्थित नारियल विकास बोर्ड के लगभग 100 एकड़ में विकसित परिसर का भ्रमण किया। उन्होंने नारियल एवं कोको की विभिन्न उन्नत किस्मों का अवलोकन कर नारियल से तैयार किए जा रहे विभिन्न मूल्य संवर्धित उत्पादों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से उत्पादन, प्रसंस्करण, विपणन एवं किसानों को उपलब्ध कराई जा रही तकनीकी सुविधाओं के संबंध में विस्तृत चर्चा की तथा बागवानी एवं उद्यानिकी फसलों के विस्तार पर विशेष बल दिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी, कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, पूर्व विधायक सेवकराम नेताम, जिला पंचायत सदस्य नंदलाल राठौर, जिला पंचायत सदस्य भगवती नेताम, कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र के अधिकारी, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, बड़ी संख्या में किसान एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।