नगर निगम जगदलपुर की स्वच्छता व्यवस्था को मिली नई रफ्तार, नगर निगम ने खरीदे दो टिप्पर और एक 407 वाहन

० स्वच्छ जगदलपुर की दिशा में निगम का बड़ा कदम, कचरा परिवहन के लिए तीन नए वाहन हुए शामिल

० महापौर के प्रयासों से नगर निगम की कचरा परिवहन व्यवस्था हुई मजबूत, दो टिप्पर एवं एक 407 वाहन शामिल

जगदलपुर। शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में नगर निगम जगदलपुर लगातार कार्य कर रहा है। महापौर संजय पांडे के निरंतर प्रयासों से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नगर निगम ने दो नए टिप्पर एवं एक 407 कचरा परिवहन वाहन का क्रय किया है। नए खरीदे वाहनों का पूजन दंतेश्वरी प्रांगण में किया गया। लंबे समय से कचरा संग्रहण गाड़ियों की कमी के कारण शहर के सभी वार्डों से समय पर कचरा एकत्रित करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। नए वाहनों के शामिल होने से इस समस्या का काफी हद तक समाधान होगा और स्वच्छता व्यवस्था को नई गति मिलेगी।

नगर निगम द्वारा खरीदे गए इन नए वाहनों के माध्यम से शहर के विभिन्न वार्डों से कचरे का परिवहन पहले की अपेक्षा अधिक तेज़ और व्यवस्थित ढंग से किया जाएगा। इससे कचरा संग्रहण की प्रक्रिया में तेजी आएगी, समय की बचत होगी तथा शहर को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा बनाए रखने में सहायता मिलेगी। निगम का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड में नियमित और प्रभावी कचरा उठाव सुनिश्चित करना है।

विशेष रूप से 407 वाहन का उपयोग शहर की संकरी एवं पतली गलियों में किया जाएगा, जहां बड़े टिप्पर वाहनों का पहुंचना संभव नहीं होता। ऐसे क्षेत्रों से भी अब आसानी से कचरा संग्रहित कर उसका परिवहन किया जा सकेगा। इससे उन मोहल्लों के नागरिकों को भी बेहतर स्वच्छता सुविधाएं मिलेंगी, जहां पहले वाहन पहुंचने में कठिनाई होती थी।

नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। नए वाहनों के संचालन से कचरा परिवहन व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी तथा नागरिकों को स्वच्छ, स्वस्थ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

सभापति स्वच्छता विभाग लक्ष्मण झा : नगर निगम का लक्ष्य शहर के प्रत्येक वार्ड में समयबद्ध एवं प्रभावी कचरा संग्रहण व्यवस्था सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि महापौर संजय पांडे के नेतृत्व में नगर निगम स्वच्छता व्यवस्था को लगातार मजबूत कर रहा है और आने वाले समय में शहर को और अधिक स्वच्छ, सुंदर एवं स्वास्थ्यकर बनाने के लिए अनेक जनहितकारी कदम उठाए जाएंगे। साथ ही उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था का सहयोग करें तथा गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग देकर स्वच्छ जगदलपुर के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाएं।

वाहनों के शुभारंभ के दौरान एमआईसी सदस्य निर्मल पानीग्राही, सुरेश गुप्ता, लक्ष्मण झा, श्रीमती कलावती कसेर, योगेन्द्र पाण्डे, नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा, कार्यपालन अभियंता गोपाल भारद्वाज, पार्षद श्रीमती पारूल बोथरा, कुबेर देवांगन, स्वच्छता शाखा प्रभारी विमल पांडे तथा राजपाल कसेर, नवीन बोथरा एवं विवेक जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *