शादी का झांसा देकर रिटायर्ड टेक्निशियन से 9.50 लाख की ठगी, ओडिशा के 3 अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। शादी कराने का झांसा देकर एक सेवानिवृत्त टेक्निशियन से 9.50 लाख रुपये की ठगी करने वाले ओडिशा के तीन अंतरराज्यीय आरोपियों को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने मैरिज ब्यूरो के माध्यम से संपर्क कर पीड़ित का भरोसा जीता और शादी, पारिवारिक कार्यक्रम, दुर्घटना व इलाज जैसे बहाने बनाकर किश्तों में रकम ऐंठ ली।

पुलिस के अनुसार, आजाद चौक निवासी मनहरण टिकरिहा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दिल्ली के एक मैरिज ब्यूरो के जरिए उसकी पहचान रजनी शर्मा नाम की महिला से हुई, जिसने खुद को कोरबा निवासी और रेलवे इंजीनियर से सेवानिवृत्त बताया। बातचीत के दौरान महिला ने शादी का भरोसा दिलाया और अलग-अलग बहानों से 15 जून 2025 से 9 जनवरी 2026 के बीच करीब 9.50 लाख रुपये अपने बैंक खातों में जमा करा लिए। रकम मिलने के बाद महिला ने मोबाइल बंद कर लिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा आजाद चौक थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी जांच शुरू की। मोबाइल नंबरों और बैंक खातों का विश्लेषण करते हुए पुलिस आरोपियों तक पहुंची और ओडिशा के बलांगीर व संबलपुर में दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जसवंत डूण्डी (27) निवासी बलांगीर, मनोज राणा (33) निवासी बलांगीर और यश नायक (20) निवासी संबलपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मामले से जुड़े तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। तीनों के खिलाफ थाना आजाद चौक में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 111(1), 3(5) तथा आईटी एक्ट की धारा 66-डी के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि इस ठगी गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश जारी है और उनसे जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *