रायपुर। राजधानी रायपुर के व्यस्ततम MG रोड स्थित एक ऑटोमोबाइल शॉप में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। यह हादसा मौदहापारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ, जहां थाने के ठीक सामने स्थित जया ऑटोमोबाइल में अचानक आग भड़क उठी। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
आग की गंभीरता को देखते हुए 4 से 5 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां लगातार मौके पर तैनात हैं और आग बुझाने का अभियान चलाया जा रहा है। दुकान में ऑटोमोबाइल से जुड़ा सामान होने के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका जताई जा रही है, जिससे राहत एवं बचाव कार्य में मुश्किलें भी आ रही हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगते ही दुकान से धुआं और लपटें उठने लगीं, जिसके बाद आसपास के दुकानदारों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। घटना के बाद MG रोड पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
मौदहापारा पुलिस मौके पर मौजूद है और स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। आसपास के दुकानों को एहतियातन खाली कराया गया है ताकि किसी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके। फिलहाल आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं और नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही किया जा सकेगा।