जगदलपुर। बस्तर जिले की कोतवाली पुलिस ने शहर के विभिन्न इलाकों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से चोरी के 5 मोबाइल फोन सहित अन्य सामान बरामद किया है। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई को पथरागुड़ा निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सुबह करीब 8 बजे उसके घर से एक लेडीज पर्स और मोबाइल फोन चोरी हो गया। इसके अलावा नगर के अन्य क्षेत्रों से भी चोरी की शिकायतें सामने आई थीं। इन मामलों में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के विश्लेषण में एक महिला दो बच्चों के साथ अलग-अलग मोहल्लों में घूमती हुई संदिग्ध गतिविधियां करती नजर आई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर उसकी पहचान कर तलाश शुरू की।
पुलिस ने अंजली उर्फ माधुरी मोदी (32 वर्ष), निवासी ईंटा भट्ठी पारा, तितलागढ़, जिला बलांगीर (ओडिशा), हाल निवासी डिमरापाल को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पूछताछ में महिला ने शहर के अलग-अलग इलाकों में चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए 5 मोबाइल फोन उसने इंद्रावती पुल के नीचे एक पर्स में छिपाकर रखे थे। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सभी मोबाइल और अन्य चोरी का सामान बरामद कर लिया। पूछताछ में महिला ने नगर के अन्य स्थानों से भी चोरी करना स्वीकार किया है। पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किसी संगठित गिरोह का हिस्सा तो नहीं है। मामले में आगे की जांच जारी है।