मेयर संजय पांडेय ने निर्माण स्थलों पर दी दस्तक

0  निर्माण की गुणवत्ता और टाइमिंग पर फोकस 
जगदलपुर। शहर में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेने महापौर संजय पाण्डे अपनी टीम के साथ विभिन्न स्थलों का निरीक्षण करने निकले। इस दौरान उन्होंने धरमपुरा में लगभग 11 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन नालंदा परिसर का अवलोकन किया तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली। निरीक्षण के दौरान महापौर ने निर्माण एजेंसी एवं अधिकारियों को कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।


महापौर संजय पांडेय ने कहा कि नालंदा परिसर जगदलपुर के युवाओं और विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक केंद्र के रूप में विकसित होगा। यहां अध्ययन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा ज्ञानवर्धन से जुड़ी विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। महापौर श्री पाण्डे ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दे रही है। धरमपुरा में बन रहा नालंदा परिसर विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराएगा तथा यह परियोजना शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह परिसर युवाओं को अपने लक्ष्य प्राप्त करने में सहायक बनेगा। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। महापौर ने निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके बाद महापौर अपने टीम के साथ धरमपुरा पहुंचे। जहां पेयजल व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं सुचारू बनाने के उद्देश्य से नई पाइप लाइन बिछाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। अमृत मिशन योजना के तहत रोड कटिंग कर पाइप जोड़ने एवं तेतरकुटी की टंकी से पानी सप्लाई करने आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मालूम हो कि निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेने महापौर अपने सहयोगियों एवं अधिकारियों के साथ कार्यस्थल पहुंचे थे और मौके पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण भी किया।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी से पाइप लाइन विस्तार कार्य की प्रगति की जानकारी ली तथा कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नई पाइपलाइन बिछने से क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर एवं नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। महापौर श्री पाण्डे ने कहा कि नगर निगम शहर के प्रत्येक क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। पेयजल व्यवस्था को मजबूत करना निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसी उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में जलापूर्ति से जुड़ी अधोसंरचना का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नई पाइपलाइन के माध्यम से भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जल वितरण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है जिससे नागरिकों को पेयजल संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी। इस दौरान महापौर ने कार्य की गुणवत्ता का अवलोकन किया और अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। इसके बाद महापौर ने गंगामुंडा तालाब के पिछले हिस्से में पहुंच कर अवलोकन किया। ज्ञात हो कि गंगामुंडा तालाब का सौंदर्यीकरण होने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही विकास की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा। इस दौरान एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्रही, सुरेश गुप्ता, लक्ष्मण झा, नगर निगम के ईई गोपाल भारद्वाज, इंजीनियर दीपांशु देवांगन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *