
0 महापौर संजय पांडेय और जनप्रतिनिधियों ने पूजा अर्चना कर स्वीमिंग पूल का किया शुभारंभ
जगदलपुर। शहरवासियों को नेताजी सुभाष चंद्र बोस तरणताल (स्वीमिंग पूल) की सुविधा अब मिलने लगेगी। तैराकी के शौकीनों ने सोमवार से इसका आनंद उठाना शुरू कर दिया है।
दो बार निविदा आमंत्रित करने के बाद भी किसी संस्था एवं फर्म ने निविदा में भाग नहीं लिया। इसके बाद यह निर्णय लिया गया कि स्वीमिंग पूल का संचालन नगर निगम स्वयं करेगा। स्वीमिंग पूल के निरीक्षण के साथ ही आज महापौर संजय पाडेय व जनप्रतिनिधियों ने नगर निगम द्वारा संचालित स्वीमिंग पूल का शुभारंभ किया। इस दौरान महापौर संजय पांडेय ने स्विमिंग पूल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए कहा। इसके अलावा विद्युत व्यवस्था, साउंड सिस्टम, चेंजिंग रूम, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को भी देखा। मालूम हो कि उपलब्ध संसाधनों के आधार पर इसे शुरू किया गया है। साथ ही महिलाओं एवं युवाओं के लिए अलग अलग ट्रेनर की व्यवस्था भी की गई है। महापौर संजय पांडेय ने कहा कि गर्मी के मौसम में स्वीमिंग पूल शुरू होने से शहरवासियों विशेषकर युवाओं और बच्चों को राहत मिलेगी एवं मनोरंजन का बेहतर साधन मिलेगा। नगर निगम द्वारा तय की गई निर्धारित शुल्क और समय के आधार पर लोग स्वीमिंग पूल पहुंचकर इसका आनंद ले सकते हैं। शुभारंभ अवसर पर नगर नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, जिला भाजपा अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडे, एमआईसी सदस्य लक्ष्मण झा, राणा घोष, श्वेता बघेल, गायत्री कश्यप, उर्मिला यादव, संतोष गौर, पितामह नायक, पारुल बोथरा, श्याम सुंदर बघेल, खगेंद्र ठाकुर, दिलीप दास, राकेश झलके सहित निगम के कर्मचारी उपस्थित रहे।