सरकार बताये वो कौन है जो काली कमाई के लिये प्रदेश में अवैध शराब बिकवा रहा है – कांग्रेस

० मंत्री दयाल दास के बाद सांसद बृजमोहन ने भी माना प्रदेश में अवैध शराब गली कूचे में बिक रही

रायपुर। प्रदेश में अवैध शराब गली कूचों में बिक रही है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि सुशासन तिहार में मंत्री दयालदास बघेल ने मंच से अवैध शराब बिकने की बात स्वीकार किया था। अब वरिष्ठ भाजपा नेता, सांसद बृजमोहन अग्रवाल अवैध शराब गली कूचे में बिकने की बात स्वीकार कर रहे है। जब से राज्य में भाजपा की सरकार बनी है, छत्तीसगढ़ अवैध शराब का गढ़ बन गया है। पूरे प्रदेश में बिना होलोग्राम की तथा नकली शराब बिक रही, सरकारी भट्टियों से बिना होलोग्राम की शराब कोचिये ले जाकर बेच रहे है। शराब की काली कमाई का पैसा किसकी जेब में जा रहा है, जनता जानना चाह रही? क्या ईडी, ईओडब्ल्यू इसकी जांच करेगा? सरकार बताये वो कौन है जो काली कमाई के लिये प्रदेश में अवैध शराब बिकवा रहा है।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि सांसद बृजमोहन अग्रवाल तो रायपुर शहर के मुहल्ले तक बता रहे है कि कहां-कहां पर खुलेआम शराब बिक रही है। वे यह भी बता रहे कि बड़े-बड़े लोग शराब बिकवा रहे। सत्ता रूढ़ दल के सांसद के खुलासे के बाद सरकार अवैध शराब बेचने वालो पर कार्यवाही क्यों नहीं कर रही है। जब मंत्री सांसद मंचो से बता रहे है कि प्रदेश में अवैध शराब बिक रही, फिर सरकार में बैठा वहां ताकतवर आदमी कौन है, जो अवैध शराब बिकवा रहा है। राज्य की जनता जानना चाहती है।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि जब से राज्य में भाजपा की सरकार बनी है, र्प्रदेश अवैध शराब का गढ़ बन चुका है। प्रदेश के गांव-गांव, गली, कूचे में खुलेआम अवैध शराब बिक रही है। सरकारी अमला इस अवैध शराब बिक्री को खुला संरक्षण देता है। सांसद बृजमोहन अग्रवाल, मंत्री दयालदास बघेल स्वयं बता रहे कि किसी आदमी के 1 बोतल शराब मिल जाये तो उसके खिलाफ पुलिस कार्यवाही कर देती है, शराब भट्ठी से पेटी-पेटी शराब लेकर खुलेआम बेची जा रही कार्यवाही नहीं होती है। मंत्री बघेल ने स्वीकार किया कि राज्य में अवैध शराब की बिक्री के लिए पुलिस विभाग और आबकारी विभाग दोनों जिम्मेदार है। कांग्रेस पार्टी इस बात को शुरू से उठाती रही कि राज्य में अवैध शराब की बिक्री हो रही, तब सरकार इस मामले में चुप थी। अब सरकार के मंत्री स्वयं सुशासन तिहार में मंच से अवैध शराब की बिक्री की बात कबूल रहे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *