चलती कार में लगी भीषण आग, तीन लोगों ने कूदकर बचाई जान

कोरबा। जिले में आज उस समय हड़कंप मच गया जब कोरबा–कटघोरा मार्ग स्थित जेलगांव नेशनल हाईवे पर एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार जलकर राख हो गई। जानकारी के अनुसार, कार में तीन लोग सवार थे, जिनमें भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री विकास महतो के भाई डॉ. विवेक महतो भी शामिल बताए जा रहे हैं। जैसे ही वाहन में धुआं और आग की लपटें उठने लगीं, सभी यात्रियों ने सतर्कता दिखाते हुए समय रहते कार से बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चलती हालत में थी तभी अचानक इंजन से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। सड़क पर मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दी।

घटना की जानकारी मिलते ही सीएसईबी फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।

आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन शुरुआती आशंका तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार धू-धू कर जलती हुई दिखाई दे रही है। इस हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *