
० नगर निगम शीघ्र शुरू करेगा आवारा कुत्तों का बधियाकरण अभियान
० एनीमल बर्थ कंट्रोल(एबीसी) योजना के तहत शहर में चलेगा विशेष अभियान
० आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर अब लगेगा नियंत्रण
जगदलपुर। नगर निगम क्षेत्रांतर्गत में लगातार बढ़ रही आवारा कुत्तों की संख्या को नियंत्रित करने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन द्वारा एनीमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) योजना के तहत विशेष बधियाकरण अभियान की शुरुआत शीघ्र की जाएगी। जिसके तहत शहर के समस्त 48 वार्डों में आवारा कुत्तों को सुरक्षित तरीके से पकड़कर उनका बधियाकरण किया जाएगा। इसका निरीक्षण करने महापौर संजय पांडेय पूरे टीम के साथ कंगोली स्थित सर्व सुविधायुक्त एबीसी सेंटर पहुंचे।
नगर निगम प्रशासन ने इस महत्वपूर्ण कार्य के संचालन की जिम्मेदारी चंडीगढ़ की विशेषज्ञ संस्था स्नेह एनीमल वेलफेयर सोसायटी को सौंपी है। एजेंसी की विशेषज्ञ टीम नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान को चरणबद्ध तरीके से पूरा करेगी। इसके लिए सर्वप्रथम एक टीम गठित की गई है। जिसके नोडल अधिकारी कार्यपालन अभियंता गोपाल भारद्वाज को बनाया गया है। इसके अलावा कमेटी में हेमंत श्रीवास, डा गीतिका ध्रुव, डाॅ अजय बनिक, लुप्तेश जगत को रखा गया है। नगर निगम द्वारा इस अभियान को व्यवस्थित एवं बिना किसी गतिरोध के संचालित करने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारिया की गई हैं। अभियान की नियमित मॉनिटरिंग निगम के अधिकारी करेंगे। वहीं अभियान को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए 10 कर्मचारियों की विशेष टीम तैनात की गई है, जो आवारा कुत्तों को सुरक्षित ढंग से पकड़ने, सेंटर तक पहुंचाने तथा उपचार उपरांत उन्हें वापस पकड़े गये स्थान पर छोड़ने का कार्य करेगी। मालूम हो कि बीते कुछ समय से जगदलपुर शहर में आवारा कुत्तों की संख्या में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। इसके चलते नागरिकों को कई प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा समाधान के रूप में बधियाकरण अभियान शुरू किया जा रहा है।
अभियान के संचालन के लिए कंगोली डंपिंग यार्ड के समीप विशेष सेंटर तैयार किया गया है जहां कुत्तों की बधीयाकरण, उपचार एवं देखरेख की व्यवस्था की गई है। यहां विशेषज्ञ डॉक्टरों, प्रशिक्षित कर्मचारियों तथा शहर में आवारा कुत्तों के उत्थान के लिए कार्य कर रहे एनिमल वेलफेयर सोसायटी (एनजीओ) की निगरानी में पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता से संपन्न होगी। बधियाकरणके बाद कुत्तों को कुछ दिनों तक निगरानी में रखा जाएगा और स्वास्थ्य सामान्य होने पर उन्हें पुनः उनके क्षेत्र में छोड़ दिया जाएगा, जहां से उन्हें पकड़ा गया था। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभियान पूरी तरह पशु संरक्षण एवं पशु कल्याण मानकों एवं सुरक्षा नियमों के अनुरूप संचालित किया जाएगा ताकि किसी भी पशु को अनावश्यक परेशानी न हो। नगर निगम ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे आवारा कुत्तों की जानकारी निदान टोल फ्री नं 1100 एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मोबाइल नंबर 9425266016 पर एबीसी सेंटर को दे सकते है। इस जनहितकारी अभियान में सहयोग प्रदान करें ताकि शहर को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाया जा सके। इस दौरान एमआईसी सदस्य लक्ष्मण झा, राणा घोष, श्रीमती कलावती कसेर, नगर निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा, पशु विभाग से संयुक्त संचालक डॉ. डी के नेताम, डॉ. राजपूत, डॉ केके देव, राजपाल केसर, एनिमल वेलफेयर सोसायटी (स्ट्रे सेफ) से लुप्तेश आदि उपस्थित रहे।
इस संबंध में महापौर संजय पांडे ने कहा कि शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करना आवश्यक हो गया था। नागरिकों की सुरक्षा और शहर में बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा एनीमल बर्थ कंट्रोल योजना के तहत यह अभियान शुरू किया जा रहा है। यह केवल बधियाकरण अभियान नहीं बल्कि शहर को आवारा कुत्तों से भयमुक्त एवं सुरक्षित वातावरण बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। नगर निगम पूरी संवेदनशीलता के साथ इस कार्य को कराएगा तथा पशुओं की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। महापौर ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नगर निगम की टीम जब अभियान के दौरान वार्डों में पहुंचे तो लोग सहयोग करें जिससे अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके और भविष्य में आवारा कुत्तों की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।