जगदलपुर में सुशासन तिहार समाधान शिविर आयोजित, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव बोले- जनता के हित में कटिबद्ध है सरकार

जगदलपुर नगर निगम क्षेत्र के रोटरी क्लब में आयोजित “सुशासन तिहार समाधान शिविर” में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव, सांसद महेश कश्यप, महापौर संजय पांडे सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के उद्देश्य से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि “सुशासन तिहार” सरकार और जनता के बीच सीधे संवाद का सशक्त माध्यम बन रहा है, जहां लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सोच है कि सरकार स्वयं जनता के बीच पहुंचे और उनकी समस्याओं को मौके पर सुनकर निराकरण करे। इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

किरण देव ने कहा कि सुशासन तिहार के दौरान बड़ी संख्या में प्राप्त आवेदनों का विभागों द्वारा तेजी से निराकरण किया जा रहा है और यह प्रक्रिया आगे भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से शासन की जनहितकारी योजनाओं का लाभ लेने और विकास कार्यों में सहभागी बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि जगदलपुर शहर में जनता की मांग के अनुरूप करोड़ों रुपये के विकास कार्य कराए जा रहे हैं। साथ ही प्रधानमंत्री की गारंटी को सरकार बनने के बाद लगातार पूरा किया जा रहा है।

सांसद महेश कश्यप ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार सभी वर्गों के विकास के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों के माध्यम से जनता की समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जा रहा है और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

कार्यक्रम की शुरुआत में महापौर संजय पांडे ने स्वागत संबोधन देते हुए बताया कि नगर निगम क्षेत्र में नागरिकों की समस्याओं और मांगों के समाधान के लिए लगातार पहल की जा रही है। उन्होंने कहा कि शिविरों में पेयजल, राशन कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, पेंशन, आधार कार्ड, बिजली खंभे, सामुदायिक भवन और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हो रहे हैं, जिन्हें संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा जा रहा है।

इस दौरान शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को सामग्री वितरित की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबियां सौंपी गईं और जरूरतमंदों को चश्मे भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा सहित कई पार्षद, एमआईसी सदस्य, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *