रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार सुबह बलरामपुर पहुंचे, जहां जिला भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। उनके दौरे को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
मुख्यमंत्री ने पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के शुरुआती रुझानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि संकेत स्पष्ट रूप से भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में हैं। उन्होंने इसे जनता के विश्वास और सरकार के विकास कार्यों का परिणाम बताया।
पश्चिम बंगाल पर खास टिप्पणी
पश्चिम बंगाल के रुझानों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने खुशी जताई और कहा कि यह लोकतंत्र की जीत है। उन्होंने संबंधित राज्यों के मतदाताओं को बधाई देते हुए कहा कि लोगों ने विकास, सुशासन और जनकल्याण की राजनीति पर भरोसा जताया है।
संगठनात्मक बैठक और चर्चा
मुख्यमंत्री साय एक दिन पहले ही बलरामपुर प्रवास पर पहुंचे थे। सोमवार सुबह भाजपा कार्यालय में उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान संगठन को मजबूत करने, क्षेत्रीय मुद्दों और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री अपने अगले निर्धारित दौरे के लिए रवाना हो गए।