
0 श्रीफल और अंग वस्त्र भेंट कर किया मेहनतकश मजदूरों को नमन
जगदलपुर। अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर भाजपा झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के तत्वावधान में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा क्षेत्र के श्रमिक भाइयों का सम्मान किया गया।
इस अवसर पर भाजपा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने महावीर बघेल, कृष्णा यादव, ओमप्रकाश उइके, नरेंद्र बघेल, बालचंद्र बघेल, सौरभ कुमार आदि श्रमिकों को माल्यार्पण कर श्रीफल, अंगवस्त्र एवं मिठाई भेंट कर सम्मानित किया। भाजपा झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के बस्तर जिला संयोजक संतोष त्रिपाठी ने अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर सभी श्रमिक भाइयों-बहनों को बधाई, शुभकामनाएं दी तथा जोहार किया। संतोष त्रिपाठी ने कहा कि हमारे श्रमिक साथी अपने परिश्रम, समर्पण और संघर्ष से राज्य और देश की अर्थव्यवस्था का पहिया चलाते हैं। कठिन से कठिन परिस्थितियों, चाहे कोविड काल हो या देश की सीमा में विपरीत परिस्थितियों में सड़क निर्माण जैसे चुनौतीपूर्ण कार्य, हर मोर्चे पर उन्होंने अदम्य साहस और प्रतिबद्धता का परिचय दिया है। केंद्र की मोदी सरकार व राज्य की साय सरकार श्रमिकों के सम्मान, अधिकारों की रक्षा और उनके समग्र कल्याण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और रोजगार से जुड़ी अनेक योजनाओं के माध्यम से उनके जीवन को बेहतर बनाने का सतत प्रयास किया जा रहा है। भाजपा पश्चिम मंडल अध्यक्ष प्रकाश झा ने कहा कि देश के निर्माण और विकास में श्रमिकों का योगदान अतुलनीय है। उनके परिश्रम और समर्पण के बिना किसी भी समाज की प्रगति संभव नहीं है। भाजपा सरकार हमेशा श्रमिकों के हितों के संरक्षण एवं उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध रही है। इस दौरान श्रमिकों के कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई और उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों ने श्रमिकों के साथ संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर भाजपा पश्चिम मंडल अध्यक्ष प्रकाश झा, झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक संतोष त्रिपाठी, सह संयोजक कृष्णा ठाकुर, चंद्रप्रकाश शुक्ला, लाला किशोर महावर, रितेश सोनी, रूपेश जैन, मनोज पटेल, मनीष जैन, आनंद झा, बृजेश कपूर सहित अन्य भाजपा सदस्य एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।