0 उत्पादन और सुरक्षा मानकों की ली जानकारी
जगदलपुर। बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा ने शुक्रवार को नगरनार स्थित एनएमडीसी इस्पात संयंत्र का भ्रमण कर वहां की कार्यप्रणाली और उत्पादन गतिविधियों का सअवलोकन किया। अपने इस भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने सबसे पहले सुरक्षा मानकों को प्राथमिकता देते हुए सेफ्टी इंडक्शन हॉल का निरीक्षण कर संयंत्र परिसर के भीतर अपनाए जाने वाले सुरक्षा नियमों और आपातकालीन तैयारियों की जानकारी ली। इसके पश्चात वे संयंत्र के सबसे महत्वपूर्ण हिस्से, ब्लास्ट फर्नेस पहुंचे, जहां उन्होंने कच्चे माल से लोहे के निर्माण की जटिल प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से देखा और तकनीकी बारीकियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। कलेक्टर श्री छिकारा ने निरीक्षण के दौरान संयंत्र के अधिकारियों के साथ संयंत्र की उत्पादन क्षमता और वर्तमान प्रदर्शन पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने विशेष रूप से इस बात की जानकारी ली कि संयंत्र अपनी निर्धारित रेटेड क्षमता के अनुरूप कार्य कर रहा है या नहीं? साथ ही उन्होंने यहां से निकलने वाले विभिन्न फिनिश्ड प्रोडक्ट्स और उनकी बाजार में उपयोगिता के बारे में भी विस्तार से पूछताछ की। अधिकारियों ने उन्हें अवगत कराया कि संयंत्र निरंतर बेहतर उत्पादन की दिशा में अग्रसर है और सभी तकनीकी और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जा रहा है। कलेक्टर आकाश छिकारा ने अधिकारियों के साथ संवाद कर संयंत्र के भविष्य की योजनाओं और औद्योगिक प्रगति के संबंध में भी चर्चा की। इस मौके पर नगरनार एनएमडीसी इस्पात संयंत्र के अधिकारी और एसडीएम ऋषिकेश तिवारी, तहसीलदार जगदलपुर राहुल गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।