
0 सहकारिता को मिलेगा नया बल, बस्तर के गांवों तक योजनाओं की बढ़ेगी सीधी पहुंच : कश्यप
जगदलपुर। सहकारिता क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी संघ मर्यादित रायपुर के प्रशिक्षण केंद्र द्वारा आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम बस्तर अंचल में कार्यरत लैम्पस संस्थाओं के प्रबंधकों एवं अधिकारियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा।
इस अवसर पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित जगदलपुर के अध्यक्ष दिनेश कश्यप ने कहा कि प्रशिक्षित स्टाफ के माध्यम से सेवाओं की पहुंच अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण सहकारिता के मूल सिद्धांतों की समझ के साथ-साथ “सहकार से समृद्धि” अभियान को भी मजबूती देगा। संभाग के संयुक्त आयुक्त सहकारिता विनोद कुमार बुनकर ने सहकारिता को जन आंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के बाद लैम्पस प्रबंधक गांव-गांव में सहकारिता को नई गति देंगे। प्रशिक्षण के दौरान लैम्पस के प्रबंधक एवं मुख्य पर्यवेक्षक एसएस राज, तकनीकी अधिकारी आरिफ खान एवं सामान्य सहायक हितेश जैन ने पैक्स कम्प्यूटरीकरण एवं सहकारी लेखांकन जैसे विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। दो दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी संघ के सत्र समन्वयक विवेकानंद झा, सहायक सत्र समन्वयक विवेक पांडे एवं मिथुन पाणिग्रही द्वारा सहकारिता के सिद्धांत, महत्व एवं भारत सरकार की योजनाओं पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कार्यक्रम में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के विपणन अधिकारी एसके कन्नौजिया, मनोज सिंह सहित राज्य सहकारी संघ व केंद्रीय सहकारी बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।