खैरागढ़। जिले के गातापार थाना क्षेत्र अंतर्गत बोड़ला गांव में नदी किनारे एक पेड़ पर 60 वर्षीय वृद्ध का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान बोड़ला निवासी गोवर्धन गोंड़ (60) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, गोवर्धन गोंड़ 13 जून की दोपहर भोजन करने के बाद घर से निकले थे, जिसके बाद वे वापस नहीं लौटे। परिजनों ने देर शाम तक उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन सुबह ग्रामीणों ने नदी किनारे पेड़ पर शव लटका देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही गातापार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया। ग्रामीणों के अनुसार, मृतक कुछ समय पहले भालू के हमले में घायल हो गए थे, जिसके बाद से उनका स्वास्थ्य लगातार खराब चल रहा था। परिजनों ने बताया कि इसी कारण वे मानसिक रूप से भी परेशान रहते थे। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के कारणों की जांच पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिस्थितियों के आधार पर की जा रही है।