रायपुर/अभनपुर। खोरपा भाजपा मंडल के अध्यक्ष किशोर साहू ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लोकप्रिय विधायक इंद्र कुमार साहू पर क्षेत्र की एक भाजपा नेत्री एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य द्वारा लगाए जा रहे आरोपों ने सियासी माहौल को गर्मा दिया है। हालांकि, इन आरोपों को इंद्र कुमार साहू के समर्थकों ने सिरे से खारिज करते हुए इसे एक सोची-समझी राजनीतिक साजिश करार दिया है।
भाजपा नेता किशोर साहू के मुताबिक समर्थकों का कहना है कि इंद्र कुमार साहू एक साधारण किसान परिवार से निकलकर अपनी मेहनत, ईमानदारी और जनसेवा के बल पर राजनीति के शीर्ष तक पहुंचे हैं। उनकी बढ़ती लोकप्रियता, खासकर ग्रामीण और किसान वर्ग में मजबूत पकड़, कुछ लोगों को रास नहीं आ रही है। यही वजह है कि उनकी छवि धूमिल करने के लिए बेबुनियाद आरोपों का सहारा लिया जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “जो नेता जनता के बीच रहकर विकास कार्यों को जमीन पर उतार रहा है, उसे बदनाम करने की कोशिश अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाने वाली नेत्री को खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनके पास कोई ठोस प्रमाण है तो सार्वजनिक करें, अन्यथा यह केवल सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का प्रयास माना जाएगा। विधायक साहू के समर्थकों ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में तेजी से हो रहे विकास कार्य, सड़क, सिंचाई, शिक्षा और किसानों के हित में उठाए गए कदम कुछ राजनीतिक लोगों को खटक रहे हैं। इसी के चलते वे इस तरह के विवाद खड़ा कर रहे हैं।