0 ऑपरेशन के बाद भी संगठन की बैठक से जुड़े प्रदेश भाजपा अध्यक्ष
0 संगठन के प्रति किरण सिंह देव की प्रतिबद्धता के कायल हुए कार्यकर्ता
(अर्जुन झा)जगदलपुर। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं जगदलपुर के विधायक किरण सिंह देव ने संगठन के प्रति समार्पण का बेमिसाल उदाहरण प्रस्तुत किया है। सड़क दुर्घटना में बुरी तरह घायल किरण सिंह देव का अभी दो दिन पहले ही ऑपरेशन हुआ है। अस्पताल में उपचाराधीन होने के बावजूद श्री देव ने शुक्रवार को पुनः वर्चुअल माध्यम से संगठन के कार्य में सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई। वे अस्पताल के बेड से ही भाजपा की बैठक से वर्चुअल जुड़े। यह केवल एक बैठक से जुड़ना नहीं, बल्कि संगठन के प्रति किरण सिंह देव की प्रतिबद्धता, कार्यकर्ताओं के प्रति जिम्मेदारी और नेतृत्व के संकल्प का प्रेरणादायी उदाहरण है।

बता दें कि कुछ दिनों पहले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव अपनी धार्मिक यात्रा के दौरान उत्तरप्रदेश के ललितपुर के पास दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। झांसी मेडिकल कॉलेज में उपचार के बाद उन्हें छत्तीसगढ़ लाकर रायपुर के वेदांता हॉस्पीटल में भर्ती कराया गया है। दो दिन पहले ही उनकी ऑर्थो सर्जरी हुई थी। इस ऑपरेशन के बाद उन्हें सख्त आराम की जरूरत थी। इसी बीच शुक्रवार को भाजपा की संगठनात्मक बैठक हुई। संगठन के प्रति समर्पण और प्रतिबद्धता ही कहें कि किरण सिंह देव आराम को दरकिनार कर इस बैठक से वर्चुअल जुड़ गए। हालांकि पार्टी के वरिष्ठ नेता, मुख्यमंत्री एवं अन्य मंत्री उन्हें आराम करने की सलाह देते रहे, मगर किरण सिंह देव अपना दर्द भूलकर बैठक से जुड़ ही नहीं गए, बल्कि कई घंटे तक पार्टी पदाधिकारियों और मंत्रियों से चर्चा करते रहे।जहां सामान्यतः व्यक्ति ऐसी स्थिति में पूर्ण विश्राम करता है, वहीं किरण सिंह देव ने स्वास्थ्य की चिंता से ऊपर संगठन के कार्य को प्राथमिकता देकर सभी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार किया है। जगदलपुर के भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का कहना है कि एक भाजपा कार्यकर्ता के रूप में आज हम सबके लिए यह क्षण गर्व और प्रेरणा का है। किरण सिंह देव का यह समर्पण हम जैसे हजारों युवा कार्यकर्ताओं को और अधिक ऊर्जा के साथ संगठन के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है, शरीर उपचाररत है, लेकिन संकल्प मैदान पर है, आराम शरीर को चाहिए, नेतृत्व को नहीं, संगठन सर्वोपरि यही हमारे नेतृत्व की पहचान है।
यह जज्बा है प्रेरणास्त्रोत
भाजपा नेताओं ने कहा कि किरण देव जी का यह जज़्बा हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। ईश्वर आपको शीघ्र पूर्ण स्वास्थ्य प्रदान करें। हम रुकेंगे नहीं, हम झुकेंगे नहीं, संगठन के लिए सदैव समर्पित रहेंगे। ऐसा समर्पण ही संगठन को मजबूत बनाता है। ऐसा नेतृत्व ही कार्यकर्ताओं को प्रेरणा देता है।