पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जुआ खेलते दो आरोपी गिरफ्तार, मर्सिडीज कार, 2 आईफोन और 6.34 लाख नगद जब्त

रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए थाना अभनपुर क्षेत्र में बड़ी रेड की है। बता दे कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस को पता चला कि रायपुर ग्रामीण और धमतरी जिले की सीमा पर स्थित ग्राम टोकरो के पास खेतों के बीच कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और डीएसपी नवा रायपुर के नेतृत्व में अभनपुर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी।

पुलिस को देखते ही जुआ खेल रहे लोग भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों को दौड़ाकर पकड़ लिया, जबकि बाकी आरोपी अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गए।

गिरफ्तार आरोपी:

  1. राहुल सिंह (उम्र 34 वर्ष), पुत्र अनिल सिंह, निवासी सेक्टर-10, भिलाई
  2. रितेश कुमार (उम्र 36 वर्ष), पुत्र सुरेश कुमार, निवासी आनंद विहार, तेलीबांधा, रायपुर

पुलिस फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए तकनीकी साक्ष्यों और सूचनाओं के आधार पर लगातार प्रयास कर रही है।

बरामदगी:

  • नगद राशि: ₹6,34,000
  • एक ताश की गड्डी
  • एक मर्सिडीज कार (क्रमांक CG 07 CU 9944)
  • 2 आईफोन

कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत: लगभग ₹42,14,000

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।