उल्लास महापरीक्षा 22 को, हुई केंद्र प्रभारियों एवं पर्यवेक्षकों की बैठक

०  सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए गए निर्देश 
जगदलपुर। आगामी 22 मार्च को होने वाली उल्लास महापरीक्षा के सफल संचालन को लेकर बस्तर ब्लॉक में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में बस्तर ब्लॉक के उल्लास कार्यक्रम के प्रभारी तथा बस्तर के सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी सुशील कुमार तिवारी द्वारा उल्लास परीक्षाके केंद्र प्रभारियों एवं पर्यवेक्षकों की महत्वपूर्ण बैठक ली गई।
बैठक में महापरीक्षा के सुचारु संचालन, परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक पंचायत में सर्वे के माध्यम से असाक्षर व्यक्तियों की पहचान कर ली गई है तथा उन्हें साक्षरता के इस महाअभियान से जोड़ते हुए आगामी उल्लास महापरीक्षा में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी पंचायतों में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। केंद्र प्रभारियों और पर्यवेक्षकों को परीक्षा संचालन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए तथा उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक असाक्षर व्यक्तियों को इस महापरीक्षा में शामिल कराने के लिए प्रेरित करने को कहा गया। उल्लास महापरीक्षा का मुख्य उद्देश्य समाज में साक्षरता को बढ़ावा देना तथा असाक्षर व्यक्तियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है। इस महाअभियान के माध्यम से लोगों में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उन्हें सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों को उल्लास साक्षरता की शपथ भी दिलवाई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *