बस्तर। स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत ग्राम उसरी, ब्लॉक बस्तर में एक दिवसीय स्वच्छता शिविर और जन जागरूकता कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम परिवर्तन समाज विकास समिति द्वारा संचालित एस.बी.आई. संजीवनी टीम बस्तर और एस.बी.आई. फाउंडेशन के सहयोग से शनिवार, 21 फरवरी को आयोजित किया गया।
इस अभियान में ग्राम समुदाय के 173 महिलाएं, पुरुष और बच्चे सक्रिय रूप से शामिल हुए और स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुरक्षित गांव निर्माण के संकल्प को मजबूत किया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता रैली से हुई, जिसका नेतृत्व ग्राम स्वच्छता समिति की महिलाओं ने किया। रैली के माध्यम से घर-घर और गलियों में स्वच्छता संदेश का प्रसार किया गया। ग्रामीणों को नारे जैसे “स्वच्छ गांव, कचरा डस्टबिन में डालो” और “सौ रोगों की दवा घर में, साफ-सफाई जरूरी है” से जागरूक किया गया।
एस.बी.आई. संजीवनी टीम ने स्वच्छता के अच्छे अभ्यासों पर विस्तार से जानकारी दी, जिसमें प्रमुख बिंदु थे:
गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण
नियमित हाथ धोने की सही विधि
शौचालय का नियमित उपयोग और सफाई
पीने के पानी के स्रोतों को स्वच्छ रखना
घर और आसपास जल जमाव न होने देना
संक्रमण से बचाव हेतु कीटनाशक का उचित उपयोग
अभियान के दौरान पंचायत चौक में एक नया डस्टबिन तैयार किया गया और आसपास के कचरे को साफ कर ब्लीचिंग पाउडर से सैनिटाइज किया गया, ताकि ग्रामीण घर का कचरा एक जगह सुरक्षित रूप से जमा कर सकें।
स्वच्छता कार्यक्रम में पंचायत भवन, स्कूल और आंगनबाड़ी में डस्टबिन, झाड़ू, बाल्टी, मग, हार्पिक, फिनाईल, सेनेटाइजर, मास्क, ब्लीचिंग पाउडर और हाथ दस्ताने जैसी स्वच्छता किट प्रदान की गई। कार्यक्रम के अंत में टीम ने ग्रामीणों से अपील की कि वे स्वच्छता को केवल अभियान न मानकर अपनी दैनिक जीवन की आदत बनाएँ। ग्रामवासियों ने सामूहिक रूप से गांव को स्वच्छ, रोगमुक्त और सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर ग्राम सरपंच मंदेश मौर्य, उपसरपंच रति राम कश्यप, माध्यमिक शाला के प्राचार्य भूपेंद्र झाड़ी, शिक्षिका भुनेश्वरी दीवान, मोहिता बेलसरिया, गदेश बघेल, ए.एन.एम. रीमा नंद, जागेश्वरी दास, संस्था से जिला समन्वयक सूरज पटनायक, डॉक्टर मरकाम, फार्मासिस्ट रवींद्र पोयाम, लैब तकनीशियन पल्लवी, स्टाफ नर्स सनबारी और पायलट अशोक बघेल उपस्थित रहे।