रायपुर। राजधानी के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने फ्लाईओवर पर कई लोगों और वाहनों को टक्कर मार दी। अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है, जबकि कुछ दोपहिया वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार तेज गति से फ्लाईओवर से गुजर रही थी। इसी दौरान कार ने सड़क पर चल रहे दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद कई लोग सड़क पर गिर पड़े और घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों की मदद की और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही सरस्वती नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। कुछ समय तक दुर्घटना के कारण फ्लाईओवर पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थित कराया।
पुलिस अब हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर दुर्घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे में घायल लोगों की संख्या और उनकी स्थिति की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।