रायपुर। राजधानी रायपुर के नवा रायपुर क्षेत्र स्थित ब्लू वाटर खदान में सोमवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव तैरता हुआ मिला। शव की हालत अत्यंत भयावह थी मृतक का सिर शरीर से अलग था और मौके पर नहीं मिला। इसके अलावा उसके दोनों हाथों के पंजे भी गायब थे। स्थानीय लोगों ने पानी में शव दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित कर लिया।
प्रारंभिक जांच में शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव की विकृत स्थिति और सिर तथा पंजों के गायब होने को देखते हुए पुलिस ने इसे हत्या का मामला मानते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या किसी अन्य स्थान पर कर शव को खदान में फेंका गया या वारदात खदान के आसपास ही अंजाम दी गई। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जहां से महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।
मृतक की पहचान के लिए पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की छानबीन कर रही है। साथ ही अन्य संभावित तरीकों से भी शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। माना थाना पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।