बकावंड ब्लॉक में पल्स पोलियो अभियान का 80 प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण

० शेष बच्चों को घर घर जाकर पिलाई जाएगी पोलियोरोधी खुराक 
बकावंड। विकासखंड बकावंड में रविवार को पल्स पोलियो अभियान सफलता के साथ संचालित किया गया। ब्लॉक की ग्राम पंचायत पाहुरबेल के आश्रित ग्राम दामागुड़ा पार स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-12 में पल्स पोलियो अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम पंचायत की उप सरपंच ज्योति बघेल द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए पल्स पोलियो अभियान अत्यंत आवश्यक है और इसमें सभी का सहयोग जरूरी है। अभियान के दौरान सिस्टर आशा पांडे, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता डोंगरीगुड़ा सुहाती कश्यप, मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रेमवती कश्यप, मितानिन हस्ती कश्यप एवं मितानिन अनिता झाली ने सक्रिय भूमिका निभाई। इन सभी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर संपर्क कर तथा आंगनबाड़ी केंद्र में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाई गई। गांव की माता-बहनों एवं अभिभावकों के सहयोग से अभियान को सफल बनाया गया, जिसके परिणामस्वरूप लगभग 80 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया गया। स्वास्थ्य अमले द्वारा शेष बच्चों को कवर करने हेतु घर घर जाकर संपर्क करने की बात कही गई। कार्यक्रम के सफल आयोजन से क्षेत्र के लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी है तथा ग्रामीणों ने भविष्य में भी ऐसे अभियानों में पूर्ण सहयोग देने का भरोसा जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *