अंबिकापुर में जनजातीय गौरव दिवस: राष्ट्रपति मुर्मू ने किया ‘ग्राम अखरा विकास योजना’ का शुभारंभ

अंबिकापुर। सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में जनजातीय गौरव दिवस के समापन समारोह ने ऐतिहासिक रंग भर दिया, जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में इस भव्य आयोजन में शामिल हुईं। बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर पीजी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जुएल ओरांव, राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व गणमान्य उपस्थित रहे।

राष्ट्रपति मुर्मू ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री ग्राम अखरा विकास योजना का औपचारिक शुभारंभ किया। कार्यक्रम में जनजातीय समुदाय के प्रमुखों, जनजातीय विद्रोहों के नायकों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया गया। साथ ही जनजातीय विकास प्रदर्शनी और आकर्षक क्राफ्ट मेले ने कार्यक्रम में अलग ही ऊर्जा भर दी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ के नक्सल पीड़ितों की राष्ट्रपति से मुलाकात ऐतिहासिक क्षण था। कई लोग जो कभी रायपुर तक नहीं आए, वे राष्ट्रपति भवन पहुंचे—जो सरकार के प्रयासों की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि राज्य में जनजातीय समुदाय के विकास की दिशा में लगातार काम हो रहा है और पीएम जनमन योजना में उत्कृष्ट कार्य के लिए छत्तीसगढ़ को सम्मान भी मिला है।

सीएम ने यह भी कहा कि बस्तर में नक्सलवाद की कमर टूट चुकी है, और अब सुदूर इलाकों में सड़क, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं तेजी से पहुंच रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *