रायपुर पश्चिम को मिला 65.45 करोड़ का विकास पैकेज, राजेश मूणत ने सीएम साय और डिप्टी सीएम साव का जताया आभार

० महादेव घाट सौंदर्यीकरण, सेंट्रल लाइब्रेरी और पानी टंकी जैसी बड़ी योजनाएं मंजूर

रायपुर। राजधानी रायपुर के पश्चिम विधानसभा क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार ने रायपुर पश्चिम के लिए 65 करोड़ 45 लाख रुपए की लागत से चार अहम विकास योजनाओं को मंजूरी दी है। इनमें महादेव घाट फेस-1 सौंदर्यीकरण, ठक्कर बापा वार्ड में नई पानी टंकी, छुइहा तालाब का सौंदर्यीकरण और एक भव्य सेंट्रल लाइब्रेरी-रीडिंग जोन शामिल है। इन योजनाओं की मंजूरी की सूचना उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने क्षेत्रीय विधायक राजेश मूणत को दी।

राजेश मूणत ने मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम का आभार जताते हुए कहा कि यह विकास कार्य रायपुर पश्चिम को एक नई पहचान देंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में डबल इंजन की सरकार काम कर रही है और राजधानी को महानगर के रूप में विकसित करने की दिशा में यह कदम बेहद अहम है।

चार प्रमुख योजनाएं जिनकी स्वीकृति मिली:

  1. सेंट्रल लाइब्रेरी और रीडिंग जोन:
    22.84 करोड़ की लागत से 1000 सीटों वाली आधुनिक सेंट्रल लाइब्रेरी का निर्माण किया जाएगा, जिससे न केवल रायपुर पश्चिम बल्कि पूरे शहर के विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षार्थियों को लाभ मिलेगा।

  2. महादेव घाट सौंदर्यीकरण (फेस-1):
    19.99 करोड़ रुपए की लागत से घाट क्षेत्र का विकास किया जाएगा। यह पूर्व मंत्री मूणत का ड्रीम प्रोजेक्ट माना जा रहा है, जिसे वे पिछले कई महीनों से लेकर प्रयासरत थे।

  3. नई पानी टंकी और लाइनें (ठक्कर बापा वार्ड):
    19.61 करोड़ रुपए की लागत से नई पानी टंकी और डिस्ट्रीब्यूशन लाइनें बिछाई जाएंगी, जिससे वार्ड के हजारों लोगों को नगर निगम का मीठा पानी मिल सकेगा।

  4. छुइहा तालाब सौंदर्यीकरण:
    इस तालाब के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए 3 करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट मंजूर किया गया है।

विधायक मूणत का दावा – रायपुर पश्चिम में फंड की कोई कमी नहीं

राजेश मूणत ने बताया कि रायपुर पश्चिम में पहले से कई विकास योजनाओं पर कार्य चल रहा है और अब इन नई स्वीकृतियों से क्षेत्र में विकास को और रफ्तार मिलेगी। उन्होंने कहा कि सभी योजनाएं आम जनता की जरूरत और सुझावों के आधार पर तैयार की जा रही हैं।

जनता से सुझाव मांगे

मूणत ने अपील की कि यदि किसी भी वार्ड में जनहित से जुड़ी कोई आवश्यकता है, तो लोग उनसे सीधे संपर्क कर सुझाव दें। ऐसे सुझावों को प्राथमिकता से विकास कार्यों में शामिल किया जाएगा। डिप्टी सीएम अरुण साव ने मूणत को लिखे पत्र में आग्रह किया है कि वे इन चारों योजनाओं की निगरानी स्वयं करें ताकि कार्य तय समय में और गुणवत्ता के साथ पूरे हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *