बेलदारशिवनी गांव में 16 वर्षीय नाबालिग की हत्या से सनसनी, चाकू और पत्थर से वार कर की गई वारदात

रायपुर। जिले के खरोरा थाना क्षेत्र के बेलदारशिवनी गांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की की बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह क्राइम उस वक्त उजागर हुआ जब 27 जून की सुबह गांव के पास खेत में लड़की की लाश मिली। शव की हालत देखकर हत्या की बर्बरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

परिजनों ने बताया कि पीड़िता 26 जून की दोपहर करीब 1 बजे घर से अचानक लापता हो गई थी। काफी देर तक कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजन और ग्रामीणों ने रातभर उसकी तलाश की। अगले दिन सुबह उसका शव गांव से थोड़ी दूरी पर खेत में खून से लथपथ हालत में मिला। सूचना मिलते ही खरोरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नाबालिग की हत्या धारदार चाकू और पत्थर से हमला कर की गई है। घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है।

इस निर्मम हत्या से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आसपास के गांवों में सघन जांच शुरू कर दी है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *