रायपुर। राजधानी रायपुर की अपराध की दुनिया में कुख्यात सूदखोर ‘तोमर ब्रदर्स’ – वीरेंद्र सिंह तोमर और रोहित तोमर – की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। संगठित अपराध और ऋण शोषण के गंभीर आरोपों में फरार इन दोनों हिस्ट्रीशीटर भाइयों की गिरफ्तारी के लिए रायपुर पुलिस ने अब इनाम घोषित किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने जानकारी दी कि इन दोनों फरार आरोपियों की सूचना देने वाले व्यक्ति को 5,000 रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। यह इनाम रेगुलेशन पैरा 80-A के तहत घोषित किया गया है।
संगीन धाराओं में दर्ज है मामला
थाना पुरानी बस्ती में वीरेंद्र और रोहित तोमर के खिलाफ IPC की धारा 308(2), 111(1) और छत्तीसगढ़ ऋणियों संरक्षण अधिनियम की धारा 04 के तहत मामला दर्ज है। यह मामला 5 जून 2025 को दर्ज किया गया था, जिसके बाद से दोनों आरोपी फरार हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी फरारी के दौरान भी गंभीर अपराध करने की क्षमता रखते हैं और उनका खुले में घूमना समाज के लिए संभावित खतरा बन सकता है। इसीलिए गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है, लेकिन अब तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।
पहले से जेल में है पत्नी सुभ्रा तोमर
सूत्रों के अनुसार, वीरेंद्र तोमर की पत्नी सुभ्रा तोमर पहले से ही जेल में है। उसके खिलाफ भी संगठित अपराध और आर्थिक शोषण से जुड़ी धाराओं में एफआईआर दर्ज है। बताया जा रहा है कि तोमर ब्रदर्स के पूरे गिरोह पर कर्जखोरी, धमकी, वसूली और ब्लैकमेलिंग जैसे अपराधों की लंबी फेहरिस्त है, और इन पर रायपुर के कई थानों में दर्ज मामले लंबित हैं।