पीसीसी चीफ की कुर्सी दौड़…. दिग्गज नेताओं का दिल्ली में डेरा…

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बदलाव की संभावनाओं के मद्देनजर तमाम दिग्गज नेता दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सोमवार को ही सूरत से दिल्ली रवाना हो गए और आज वे दिल्ली में ही हैं। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत भी दिल्ली में हैं। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के बड़े नेताओं के दिल्ली दौरे को लेकर संभावनाएं बढ़ रही हैं कि निकट भविष्य में कांग्रेस संंगठन में बदलाव हो सकता है। जबकि खबर यह भी है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम दिल्ली नहीं गए हैं। मरकाम ने कांग्रेस नेताओं के दिल्ली दौरे के संदर्भ में कहा है कि जब दिल्ली से वरिष्ठ नेताओं का बुलावा आएगा, तब ही वे वहां जाएंगे। मरकाम इस समय अपने विधानसभा क्षेत्र कोंडागांव में हैं। विधानसभा चुनाव के लिए अब सिर्फ सात माह का समय शेष है।चुनाव से पहले दिग्गज नेताओं के दिल्ली दौरे को लेकर कई तरह के अंदाज लगाए जा रहे हैं। कांग्रेस के गलियारों में कहा जा रहा है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे इन नेताओं की बैठक ले सकते हैं। बैठक में कई महत्वपूर्ण मसलों को लेकर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पिछले दिनों जब खड़गे से मुलाकात कर लौटे थे, तब भी लगातार यह कहा जा रहा था कि प्रदेश कांग्रेस संगठन में बड़ा बदलाव हो सकता है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम को बदले जाने की संभावना जताई जा रही थी। मरकाम का कार्यकाल पिछले साल पूरा हो चुका है इसलिए अध्यक्ष पद पर बदलाव की ज्यादा संभावना बन रही है।

पीसीसी चीफ मरकाम की जगह मंत्री अमरजीत भगत और सांसद दीपक बैज के नाम सामने आ रहे थे। इस दौरान अपनी ही पार्टी की सरकार के खिलाफ मरकाम के तीखे तेवर विधानसभा के बजट सत्र में दिखाई दिए। अब एक बार फिर कांग्रेस के दिग्गज नेता दिल्ली में हैं, तब संगठन में बदलाव की चर्चाएं फिर शुरू हो गयी हैं। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील शुक्ला ने नेताओं के इस दौरे को सामान्य सांगठनिक गतिविधियों का हिस्सा बताते हुए कहा है कि आने वाले चुनाव को लेकर रणनीति तय होगी। साथ ही जय भारत सत्याग्रह और कर्नाटक चुनाव में छत्तीसगढ़ के नेताओं की भूमिका तय करने के लिए नेताओं को दिल्ली बुलाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *