छुट्टी लेकर घर आए आरक्षक ने उठाया खौफनाक कदम, फांसी के फंदे पर मिली लाश; जांच में जुटी पुलिस

धमतरी। जिले के कानि डबरी गांव में एक आरक्षक की आत्महत्या की खबर से सनसनी फैल गई। बीजापुर जिले में पदस्थ आरक्षक का शव उनके ही घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान रूप नारायण नागवंशी के रूप में हुई है। वे कानि डबरी गांव के रहने वाले थे और बीजापुर जिले के आमापल्ली में आरक्षक के पद पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों की छुट्टी लेकर वे अपने गांव आए हुए थे।

घर में मिला शव

जानकारी के मुताबिक, छुट्टी के दौरान उन्होंने घर पर ही फांसी लगा ली। घटना की जानकारी सामने आते ही परिजनों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि, आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।

सूचना मिलने पर अर्जुनी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।

आत्महत्या की वजह तलाश रही पुलिस

पुलिस अब मृतक के परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर रही है। साथ ही आत्महत्या से जुड़े संभावित कारणों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।